गैस सिलेंडर की बढ़ी कीमतों के विरोध में आआपा ने किया प्रदर्शन

02HREG71 गैस सिलेंडर की बढ़ी कीमतों के विरोध में आआपा ने किया प्रदर्शन

हरिद्वार, 02 मार्च (हि.स.)। आम आदमी पार्टी (आआपा) ने गुरुवार को केंद्र सरकार का रसोई गैस के दामों में की गई बढ़ोतरी और बढ़ती महंगाई के विरोध में प्रदर्शन किया।

चंद्राचार्य चौक में आयोजित प्रदर्शन में आआपा कार्यकर्ताओं ने घरेलू गैस सिलेंडर सड़क पर रखकर मोदी सरकार के खिलाफ जमकर नारे बाजी की। आआपा का कहना है कि केंद्र की मोदी सरकार की गलत नीतियों व तानाशाही रवैये की बदौलत आज देश में रोजमर्रा के जरूरतों के सामानों में बेतहाशा वृद्धि होती जा रही है।

महिला मोर्चा अध्यक्ष हेमा भंडारी ने कहा कि आम आदमी पार्टी बढ़ती महंगाई पर चुप नहीं बैठेगी। आवाज बुलंद करेगी और गरीब विरोधी सरकार के खिलाफ संघर्ष और तेज करेगी। आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष संजय सैनी ने इस वृद्धि पर केंद्र सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि इनके दाम बढ़ने का असर आम आदमी पर पड़ रहा है। देश में महंगाई इतनी बढ़ गई है कि आम आदमी परेशान है। आज जिस प्रकार घरेलू गैस के दाम बढ़ रहे हैं, वो देश के लिए चिंता का विषय है।

इस मौके पर अनिल सती, संजू नारंग, आशीष गौर, खालिद हसन, किरण कुमार दुबे, एडवोकेट सचिन बेदी, धीरज पीटर, शाहीन अशरफ, अमनदीप, मयंक गुप्ता, शुभम सैनी, गीता देवी, राकेश यादव मौजूद रहे।