सरकार ने अधोसंरचनागत विकास और जनकल्याण के लिए बनाईं कारगर योजनाएं: कुशवाह

06HREG298 सरकार ने अधोसंरचनागत विकास और जनकल्याण के लिए बनाईं कारगर योजनाएं: कुशवाह

– राज्य मंत्री ने लगभग 3 करोड़ 58 लाख रुपये लागत के विकास कार्यों का किया लोकार्पण एवं भूमिपूजन

ग्वालियर, 6 मार्च (हि.स.)। प्रदेश सरकार ने ग्रामीण अंचल में सड़क, पानी, बिजली, स्कूल व अस्पतालों की सुविधा मुहैया कराने के साथ-साथ जनकल्याण के लिये कारगर योजनायें बनाई हैं। इसी कड़ी में सरकार ने महिलाओं के सशक्तिकरण के लिये “मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना” के रूप में क्रांतिकारी योजना लागू करने का निर्णय लिया है। इस योजना के तहत 23 से 60 वर्ष आयु वर्ग की बहनों के खातों में हर माह सरकार एक हजार रुपये पहुँचायेगी।

यह बात उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) भारत सिंह कुशवाह ने कही। राज्य मंत्री कुशवाह सोमवार को जिले की जनपद पंचायत मुरार के लगभग आधा दर्जन गाँवों में विकास यात्रा लेकर पहुँचे थे। उन्होंने ग्राम वीरमपुर, चककेशवपुर, जग्गूपुरा, खुदरपुरा व सूरजपुरा में कुल मिलाकर लगभग 3 करोड़ 58 लाख रुपये लागत के विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। इन विकास कार्यों में नल जल योजनायें, बहुप्रतीक्षित सड़कें, सामुदायिक भवन, सार्वजनिक चौपाल इत्यादि विकास कार्य शामिल हैं।

विकास यात्रा के दौरान आयोजित हुईं सभाओं को संबोधित करते हुए राज्य मंत्री कुशवाह ने कहा कि माता व बहनों को अब मांगलिक अनुष्ठान, भाईयों के लिये राखी और मिठाईयाँ, पुत्रियों की विदाई तथा रोजमर्रा की छोटी-मोटी जरूरत के लिये अब किसी के आगे हाथ फैलाने की जरूरत नहीं रहेगी। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने लाड़ली बहना योजना शुरू कर महिलाओं के हित में क्रांतिकारी निर्णय लिया है।

इस अवसर पर जनपद पंचायत मुरार के अध्यक्ष दिलराज सिंह किरार तथा प्रेम सिंह राजपूत, राजेन्द्र पाल व रामनाथ राणा सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं विभिन्न ग्राम पंचायतों के सरपंच व पंचायत राज संस्थाओं के पदाधिकारी मौजूद थे। साथ ही जनपद पंचायत मुरार के मुख्य कार्यपालन अधिकारी राजीव मिश्रा व तहसीलदार कुलदीप दुबे सहित अन्य संबंधित अधिकारी विकास यात्रा में शामिल रहे।