17HREG408 धामी सरकार का युवाओं पर दर्ज मुकदमे वापस लेना शानदार निर्णय: मनवीर चौहान
देहरादून, 17 मार्च (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बेरोजगारों के आंदोलन के दौरान युवाओं पर दर्ज मुकदमों को वापस लेने की मुख्यमंत्री की घोषणा को शानदार और स्वागत योग्य कदम बताया है।
भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने कहा कि युवाओं के हित में यह शानदार निर्णय है। यह घटना दुखद है, लेकिन जिस तरह से मुकदमे वापस लिए जायेंगे वह सुखद है। युवाओं को मोहरा बनाकर कांग्रेस स्वार्थ सिद्धि की राजनीति करती आई है जबकि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने युवा और बेरोजगारों के हित को देखते हुए कई कठोर निर्णय लिए हैं। पारदर्शी परीक्षाओं से युवाओं का भविष्य सुरक्षित होगा और कोई उनके हक पर डाका नहीं डाल पायेगा।
उन्होंने कहा कि राज्य में कड़ा नकल विरोधी कानून देश के दूसरे राज्यों के लिए भी नजीर है। हालांकि कांग्रेस जैसे दलों को यह उपलब्धि नहीं पच रही है और अपनी कारगुजारियों पर पर्दा डालने के लिए वह विरोध पर उतर आई है। राज्य के 22 वर्ष के इतिहास में ऐसे निर्णय लेने वाले सीएम पुष्कर सिंह धामी ही हैं, जिन्होंने बिना कालखंड देखे घपले घोटालों की जांच की और आरोपितों को सलाखों के पीछे भेजा। यह उनका नैतिक साहस और भ्रष्टाचार के खिलाफ अडिग होकर जीरो टॉलरेंस की नीति का अनुपालन करना था।