05HREG63 होली के हुड़दंग में भी जी-20 की खुमारी,अस्सीघाट सुबहे बनारस के मंच पर युवाओं की मस्ती
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और जी-20 देशों के राष्ट्राध्यक्षों की तस्वीर लेकर होली गीत
वाराणसी,05 मार्च (हि.स.)। काशीपुराधिपति बाबा विश्वनाथ के साथ प्रतीक रूप से चिता भस्म की होली खेलने के बाद अब रंगों के पर्व की मस्ती और खुमारी युवाओं के सिर चढ़कर बोल रही है। नगर में जगह—जगह युवाओं और कलाकारों की टोली अबीर गुलाल की होली खेलने के साथ भंग के तरंग में भी दिखने लगी है। पाश कॉलोनियों से लेकर गंगा किनारे युवाओं की टोली पारम्परिक होली गीतों की मस्ती के बीच एक दूसरे पर अबीर-गुलाल उड़ा रही है। रविवार को रंगाजलि श्रीकाशी चौदह पचासी(1485)विद्वत् परिषद् के बैनर तले जुटे युवाओं की टोली ने अस्सीघाट पर सुबहे बनारस के मंच पर भगवान शिव को रंगाजंलि अर्पित की। कार्यक्रम में बाबा विश्वनाथ,माँ गंगा व सभी देवगण को गुलाल अर्पित कर युवाओं ने रंगाजलि मनाई। गायक विजय कपूर ने होली के पारम्परिक गीतों के साथ आगामी दिनों में शहर में होने वाले जी-20 सम्मेलन पर आधारित गीतों की भी दमदार प्रस्तुति की। गायक कलाकार ने चुनाव पर आधारित राजनीतिक,व्यंग्यात्मक व हिन्दुत्व से ओत-प्रोत गीतों की बनारसी अंदाज में प्रस्तुति कर महफिल लूटी। इस दौरान युवा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का मुखौटा पहन हाथों में उनकी और जी-20 देशों के सभी राष्ट्राध्यक्ष का फोटो व हाथों में पिचकारी लेकर गायक के साथ ताल से ताल मिलाते रहे। कार्यक्रम का संयोजन संस्था के अध्यक्ष अनूप जायसवाल ने किया। इसमें बतौर मुख्य अतिथि शोभनाथ मौर्य (भाजपा महानगर अध्यक्ष पिछड़ा मोर्चा), विशिष्ट अतिथि पार्षद द्वय जगनाथ ओझा, रविन्द्र सिंह ने युवाओं का उत्साह बढ़ाया। इसमें राकेश जायसवाल,मिठाई लाल यादव, श्री कृष्ण मोहन पांडेय,मनीष चौरसिया,अनूप गुप्ता एडवोकेट, मंगलेश जायसवाल,ओमप्रकाश,जयकिशन गुप्ता,राकेश सिंह,धीरेन्द्र शर्मा,राकेश यादव, योगेश वर्मा आदि ने भागीदारी की।