01HREG346 मेरठ: नशे में चालक ने कई वाहनों को मारी टक्कर, कई घायल
मेरठ, 01 मार्च (हि.स.)। ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र में एक नशेड़ी पिकअप चालक ने कई वाहनों को टक्कर मारकर लोगों को कुचल दिया। इस हादसे में कई लोग घायल हो गए। लोगों ने चालक को पकड़ कर पुलिस को सौंप दिया।
ब्रह्मपुरी थाना के अंतर्गत तारापुरी रोड पर बुधवार को एक नशेड़ी पिकअप चालक ने जमकर उत्पात मचाया। नशे की हालत में गाड़ी की तेज रफ्तार होने के कारण पिकअप अनियंत्रित होकर आसपास खड़े वाहनों से टकराई। बेकाबू वाहन की चपेट में आकर चार लोग घायल हो गए। लोगों ने घेराबंदी करके पिकअप को रुकवाया लिया और चालक की जमकर पिटाई की। इसके बाद पुलिस को मौके पर बुला लिया। पुलिस के आने के बाद लोगों ने आरोपित चालक को उन्हें सौंप दिया। पुलिस की पूछताछ में चालक ने अपना नाम सर्वेश बताया। पुलिस ने घायल लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने बताया कि चालक शराब के नशे में था और इस कारण वह वाहनों को टक्कर मार रहा था। पुलिस मामले में कार्रवाई कर रही है।