लीलियम पुष्प की खेती से जनपद को मिलेगी नई पहचान

02HREG92 लीलियम पुष्प की खेती से जनपद को मिलेगी नई पहचान

गोपेश्वर, 02 मार्च (हि.स.)। चमोली जिले में फूलों की खेती को बढ़ावा देने के लिए उद्यान विभाग की ओर से वर्तमान में लीलियम की खेती के लिए किसानों को प्रेरित किया जा रहा है।

जनपद के 20 किसानों के 1200 वर्ग मीटर में पॉली हाउस के अंतर्गत लगभग 25 हजार लीलियम बल्बों का रोपण कार्य किया जा रहा है। लीलियम ठंडी आबोहवा का बेहद खूबसूरत फूल है। ट्यूलिप के बाद लीलियम ही ऐसा फूल है, जिसकी खासी मांग है।

मैदानी क्षेत्रों में मई और जून के महीने में इस फूलों की मांग ज्यादा और उत्पादन कम होने के कारण पर्वतीय क्षेत्रों पर उगाए जाने वाले लीलियम पुष्पों का उचित दाम मिल जाता है। ऐसे में पहाड़ों पर उगाए जाने वाले लीलियम पुष्प उत्पादन से किसान अच्छी आमदनी प्राप्त कर सकेंगे। इसके अतिरिक्त विभाग की ओर से पॉली हाउस के इतर खुले में फूलों की खेती को बढ़ावा देने के लिए ग्लेडियोलस बल्ब का रोपण कार्य भी किया जा रहा है।