06HREG199 मुख्यमंत्री चौहान ने आहार अनुदान योजना को लेकर सवाल पूछा, कमलनाथ ने किसान कर्जमाफी पर घेरा
भोपाल, 6 मार्च (हि.स.)। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के बीच जारी ट्वीट वार और तेज हो गया है। दोनों राजनेताओं के तेवर पहले से ज्यादा तेज और सवाल तीखे हो गए हैं। इसी क्रम में मुख्यमंत्री चौहान ने सोमवार को कमलनाथ से आहार अनुदान योजना को लेकर सवाल पूछा। इसके जवाब में कमलनाथ ने किसान कर्जमाफी को लेकर पलटवार करते हुए हमला बोला है।
मुख्यमंत्री शिवराज ने सोमवार को पौधारोपण के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए कमलनाथ को घेरा। उन्होंने कहा कि कमलनाथ जी पहले यह बताएं कि आहार अनुदान योजना के रूप में जो मैं अत्यंत पिछड़ी जनजातीय बहनों को एक हजार रुपये देता था,उसे क्यों छीना? आपने वचन पत्र में बहनों के लिए जीवनभर भरण पोषण हेतु योजना बनाने का वादा किया था, कौन सी योजना बनाई? जो योजना चल रही थी, उसे भी बंद करने का पाप किया। भ्रष्टाचार को लेकर मुख्यमंत्री शिवराज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र माेदी जी ने कहा है कि न खाऊंगा और न खाने दूंगा। भ्रष्टाचार करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई हो रही है। पहले नेता के विरुद्ध के कार्रवाई नहीं होती थी, लेकिन माननीय मोदी जी ने कह दिया है कि गड़बड़ करने वाले बख्शे नहीं जायेंगे।
कमलनाथ ने किया पलटवार
वहीं पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने पलटवार करते हुए किसान कर्जमाफी पर सरकार को घेरा। उन्होंने मुख्यमंत्री शिवराज पर निशाना साधते हुए कहा कि शिवराज जी आपने बीजेपी के 2008 के घोषणापत्र में किसानों का 50,000 रुपये तक का कर्ज माफ़ करने की घोषणा की थी। इस घोषणा को 15 वर्ष बीत गये लेकिन आज तक आपने किसानों का कर्ज माफ़ नहीं किया। उलटे, मेरी सरकार ने किसान कर्ज माफ़ी की उसे भी आपने बंद कर दिया। अन्नदाता किसान का अधिकार छीनने का पाप आप क्यों कर रहे हैं? जवाब दीजिए।