05HREG78 फतेहपुर: नहरों में पानी लाओ-खेती सहित जीवन बचाओ दो दिवसीय पदयात्रा
फतेहपुर, 05 मार्च (हि.स.)। जिले में रविवार को विकासखंड अमौली तथा देवमई के मध्य जहानाबाद कस्बा से गुजरने वाली राम गंगा की छोटी नहर में विगत 32 वर्षों से पानी की आपूर्ति न होने से किसान मजदूर युवा शक्ति के बैनर तले जनचेतना अभियान, एंटी करप्शन सोशल डेवलपमेंट टीम व किसान व मजदूरों ने एकजुट होकर रजबहा में लगातार पानी के जलापूर्ति की मांग को लेकर दो दिवसीय पदयात्रा का आयोजन किया गया।
जल स्तर में सुधार के उद्देश्य से सूखे पड़े रजबड़े में जल आपूर्ति हेतु दो दिवसीय पदयात्रा का शुभारंभ आज जहानाबाद से ग्राम गोकुलपुर नहर कोठी से मिर्जापुर, टकौली, रनूपुर, अमौली, मदरी, सठिगंवा तक पदयात्रा निकाली गई तथा कल सोमवार 06 मार्च को सठिगंवा से रामपुर कुर्मी, गौरी, नेवरी, जलालपुर, नसेनिया, रोटी चौराहा से पांडेपुर नहर कोठी में पहुंचेगी और वहीं पदयात्रा का समापन किया जायेगा।
किसान मजदूर युवा शक्ति फतेहपुर के अध्यक्ष मनोज उत्तम ने कहा कि जहानाबाद अमौली क्षेत्र में जल स्तर नीचे पहुंच जाने से क्षेत्र डार्क जोन मेंआ चुका है। किसानों सहित क्षेत्रीय लोगों को खेती व अन्य कार्यों के लिए पानी की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। जलस्तर में बढ़ोतरी हेतु अगर समय से सजग न हुआ गया तो भविष्य में पानी की अनुपलब्धता बड़ी विकराल समस्या बन जायेगा। कई दशक से क्षेत्र के घाटमपुर, जहानाबाद रजबहा नहर में पानी नहीं आया है। वहीं कस्बे से सटी रिंद नदी में कभी भी पानी सूखा नहीं किंतु अब उसमें भी बीते कुछ वर्षों से पानी सूख जाता है, जिससे पशु पक्षियों सहित क्षेत्रीय लोगों को कठिन समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। रजबहा में जल आपूर्ति हेतु शासन व प्रशासन से मांग करते हुए कहा कि पशु-पक्षी सहित आम जनमानस को हो रही पानी की समस्याओं से मुक्ति दिलाई जा सके।
इस मौके पर रामकिशोर वर्मा, संदीप उमराव, शत्रुघ्न सिंह गौतम, सुशील प्रधान,डॉ. एस कुमार, ज्ञानेंद्र वर्मा, डॉक्टर इंद्रजीत वर्मा, रविशंकर उत्तम आदि सहित सैकड़ों की तादाद में लोग मौजूद रहे।