01HREG361 वाराणसी मंडल के रेलवे स्टेशन पर गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ अभियान, जुर्माना भी
-सर्कुलेटिंग एरिया में साफ स्थानों पर पेशाब और शौच करने वालों की निगरानी
वाराणसी, 01 मार्च (हि.स.)। पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल के स्टेशनों पर और सर्कुलेटिंग एरिया में गंदगी फैलाने के खिलाफ अभियान छेड़ा गया है। प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर, पूर्वोत्तर रेलवे, गोरखपुर के निर्देश पर नवसृजित यांत्रिक विभाग स्टेशनों पर गंदगी फैलाने वाले यात्रियों, खान-पान वेंडरों एवं रेलवे कैंटीन में गन्दगी से काम करने वाले कर्मियों से जुर्माना भी वसूल रहा है।
वरिष्ठ मंडल इंजीनियर यांत्रिक आलोक केशरवानी के नेतृत्व में वाराणसी मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर स्थित खान-पान स्टॉलों के वेंडरों, खाद्य पदार्थों को गन्दे पात्र में सजाकर बिना ढके बेचने वाले वेन्डरों, स्टेशन पर गन्दगी फैलाने वाले यात्रियों, साफ-सफाई का ध्यान न रखने वाले स्टॉल संचालकों, स्टेशनों पर अन्यत्र लघुशंका अथवा अन्यत्र थूकने वाले लोगों को पकड़ कर चेतावनी दी जा रही है। और इसकी पुनरावृत्ति करने वालों पर जुर्माना लगाया जा रहा है।
पूर्वोत्तर रेलवे का वाराणसी मंडल अपने यात्रियों को स्टेशन पर साफ-सुथरा माहौल देते हुए प्रयास कर रहा है कि स्टेशनों के स्टॉलों पर हाइजेनिक खाना प्राप्त हो। गंदगी से खाद्य पदार्थ में संक्रमण न हो अथवा उस पर मक्खी न बैठ सके। इसके अलावा स्टेशनों पर गन्दगी करने वाले यात्रियों खासकर पान खाकर साफ स्थानों पर थूकने वालों पर जुर्माना लगाया जा रहा है। साथ ही सर्कुलेटिंग एरिया में साफ स्थानों पर पेशाब/शौच करके गन्दगी करने वाले यात्रियों व अन्य व्यक्तियों पर भी जुर्माना लगाया जा रहा है।
पूर्वोत्तर रेलवे के जनसम्पर्क अधिकारी के अनुसार यांत्रिक विभाग ने फरवरी-2023 में रेल राजस्व के रूप में सर्वाधिक एक लाख नब्बे हजार तीन सौ पचास रुपये स्टेशनों पर गन्दगी फैलाने वालों से जुर्माना वसूल कर जमा किया है। जो माह अक्टूबर-2022 से अब तक का सबसे अधिक धनराशि है। इसके पूर्व माह जनवरी-2023 में 1,44,660 रुपये, दिसम्बर-2022 में 1,62,520 रुपये, नवम्बर-2022 में 1,80,420 रुपये जुर्माना वसूला जा चुका है, जो रेल राजस्व की वृद्धि में एक अतिरिक्त योगदान है। वरिष्ठ मंडल इंजीनियर यांत्रिक आलोक केशरवानी ने वाराणसी मंडल के स्टेशनों पर स्थित सभी कैंटीन संचालकों तथा कैंटीन को साफ सफाई के साथ फास्ट फूड खाद्य बेचने का निर्देश दिया है। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर खाद्य पदार्थ बेचने के दौरान गंदगी पाया गया तो उन पर भी कार्रवाई की जाएगी। साथी वेंडरों को भी साफ सुथरा रहना है। खाना बेचने के दौरान हाथ में ग्लब्स पहन कर रखना है। इसके साथ उन्होंने मंडल पर यात्रा करने वाले यात्रियों से अपील की है कि वे स्टेशन परिसरों में गंदगी न करें। अन्यथा जुर्माने के साथ-साथ कठोर कार्यवाही भी की जाएगी।