जनजातीय उत्सव भगोरिया अब राजकीय पर्व और सांस्कृतिक धरोहर, मुख्यमंत्री ने की घोषणा

06HNAT35 जनजातीय उत्सव भगोरिया अब राजकीय पर्व और सांस्कृतिक धरोहर, मुख्यमंत्री ने की घोषणा

– सपत्निक पारंपरिक वेषभूषा में अलीराजपुर के भगोरिया में शामिल हुए मुख्यमंत्री, भगोरिया नृत्य भी किया

– अलीराजपुर में अमर शहीद चन्द्रशेखर आजाद की प्रतिमा होगी स्थापित

भोपाल, 06 मार्च (हि.स.)। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सोमवार को अलीराजपुर में आदिवासियों के पारम्परिक उत्सव भगोरिया को राजकीय पर्व के रूप में मनाने और सांस्कृतिक धरोहर के रूप में संरक्षित करने की घोषणा की है। इसके साथ ही उन्होंने अलीराजपुर में अणर शहीद चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा स्थापित करने का भी ऐलान किया।

दरअसल, मुख्यमंत्री चौहान सोमवार को अलीराजपुर में जनजातीय वर्ग के भगोरिया उत्सव में शामिल हुए। उन्होंने पारंपरिक जनजातीय वेशभूषा के साथ भगोरिया नृत्य भी किया। मुख्यमंत्री की धर्म पत्नी साधना सिंह भी मौजूद थी। मुख्यमंत्री चौहान ने एक खुली जीप में नगर भ्रमण कर नागरिकों का अभिवादन स्वीकार किया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणजन ढोल-मांदल की थाप पर पारंपरिक वेषभूषा पहन कर भगोरिया नृत्य करते हुए वाहन के आगे-आगे चल रहे थे।

मुख्यमंत्री चौहान ने भगोरिया उत्सव के दौरान स्थानीय बस स्टेंड पर सभा को संबोधित भी किया। उन्होंने कहा कि हमारे त्यौहार, जीवन-मूल्य एवं उत्सव के पल आनंदित करते हैं। आज भगोरिया उत्सव है, मैं सभी भाई-बहनों को भगोरिया की बधाई और शुभकामनाएं देता हूं। मुख्यमंत्री ने कहा कि भगोरिया उत्सव जनजातीय परंपरा का अभिन्न अंग और लोक उत्सव है। उन्होंने घोषणा की कि भगोरिया को राजकीय पर्व के रूप में मनाया जाएगा। इसे सांस्कृतिक धरोहर के रूप में स्थान दिया जाएगा।

सोरवा में छीतू किराड़ के किले का जीर्णोद्धार कर स्मारक भी बनाया जाएगा

मुख्यमंत्री चौहान ने ग्राम सोरवा में बाबा छीतू किराड़ के किले का जीर्णोद्धार, उनका भव्य स्मारक बनाने की घोषणा भी की। इस मौके पर उन्होंने कहा कि सोंडवा स्थित रानी काजल माता मंदिर से धनबायडी तक 3 किलोमीटर लम्बाई की सड़क का निर्माण भी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अलीराजपुर में अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा स्थापित की जाएगी।

सोंडवा क्षेत्र के 106 दूरस्थ ग्रामों तक नर्मदा जल पहुंचाने शीघ्र होगा सर्वे

मुख्यमंत्री ने कहा कि नर्मदा उद्वहन सिंचाई योजना से अलीराजपुर जिले के बड़े क्षेत्र में नर्मदा जल पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। सिंचाई योजना से जिले के खेत लहलहा उठेंगे जिससे क्षेत्र का विकास होगा। उन्होंने कहा कि सोंडवा विकासखंड के 106 ग्रामों में नर्मदा जल पहुंचाने के लिए शीघ्र सर्वे कराया जाएगा। हमारे जनजातीय भाई-बहनों के खेतों में, जहां नहरों से पानी नहीं आ पा रहा है, वहां पाइप लाइन डाल कर खेतों तक पानी पहुंचाया जायेगा।

प्रारंभ में मुख्यमंत्री चौहान और साधना सिंह ने कन्या-पूजन किया। मुख्यमंत्री का जनजातीय समाज ने स्वागत कर प्रतीक-चिन्ह भेंट किया। जिले के प्रभारी मंत्री राजवर्धन सिंह दत्तीगांव, म.प्र. वन विकास निगम के अध्यक्ष माधोसिंह डावर, सांसद गुमान सिंह डामोर सहित जन-प्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।

समूह उत्पादों की प्रदर्शनी का अवलोकन

मुख्यमंत्री चौहान ने भगोरिया उत्सव में म.प्र. ग्रामीण आजीविका मिशन के समूह सदस्यों के विभिन्न उत्पादों एवं जिले के युवा ग्रामीण हस्तशिल्प कलाकारों के स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया। मुख्यमंत्री ने समूह की महिलाओं एवं कलाकारों के उत्पादों को देखा और उनकी सराहना कर प्रोत्साहित किया।