बारातियों से भरा वाहन खाई में गिरा, दो की मौत

01HREG28 बारातियों से भरा वाहन खाई में गिरा, दो की मौत

-बारात में शामिल होकर गांव लौटते वक्त हुआ हादसा, घायलों में अधिकांश महिला

गोपेश्वर, 01 मार्च (हि.स.)। चमोली जिले के जोशीमठ ब्लाॅक के चांई-थांई मोटर मार्ग पर मंगलवार की देर रात्रि को बारात से वापस लौट रहा एक वाहन अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरा, जिससे उसमें सवार दो लोगों की घटना स्थल पर ही मौत हो गई जबकि दस लोग घायल हो गये।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर देर रात तक रेस्क्यू आपरेशन चलाकर घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जोशीमठ पहुंचाया। घायलों में सात की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर जिला चिकित्सालय गोपेश्वर रैफर किया गया है। घायलों में अधिकांश महिलाएं शामिल हैं।

बोलेरो वाहन यूके 11 टीए 1789 थांई गांव से एक बारात को लेकर किमाणा गांव गया था। देर सायं को जब वह बारातियों को लेकर वापस थांई गांव लौट रहा था तो अचानक रास्ते में वाहन अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरा, जिससे वाहन में सवार दो लोगों की घटना स्थल पर ही मौत हो गई।

सूचना पर जोशीमठ कोतवाली के निरीक्षक कैलाश चंद्र भट्ट व एसडीआरएफ के एसआई जगमोहन सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों तथा मृतकों को घटना स्थल से बाहर निकाला। एसडीआरएफ टीम ने भी घायलों को निकाल कर उपचार के लिए सीएचसी जोशीमठ में भर्ती करवाया गया। इसमें से सात की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला चिकित्सालय गोपेश्वर लाया गया है। जिनका उपचार चल रहा है।

दुर्घटना में घायल-

1.जितेन्द्र राणा (चालक) पुत्र महेन्द्र सिंह निवासी चांई उम्र 31 वर्ष।

2. रुक्मणी देवी पत्नी मुकेश सिंह निवासी थैंग उम्र 33 वर्ष।

3.मोनिका देवी पत्नी विकेश नेगी निवासी थैंग उम्र 28 वर्ष।

4.हेमा देवी पत्नी स्व0 सुरेन्द्र सिंह निवासी भलगांव उम्र 40 वर्ष। (रेफर)

5.कल्ली देवी पत्नी गौर सिंह निवासी करछी, उम्र 52 वर्ष। (रेफर)

6.सुमित्रा देवी पत्नी पूरण सिंह निवासी भलगांव, उम्र 45 वर्ष। (रेफर)

7. भरत सिंह नेगी पुत्र स्व. फते सिंह निवासी थैंग, उम्र 57 वर्ष। (रेफर)

8. पुष्पा देवी पत्नी कमल भट्ट भलगांव, उम्र 44 वर्ष। (रेफर)

9. प्रकाश पुत्र जवाहर सिंह निवासी थैंग, उम्र 29 वर्ष। (रेफर)

10. रजनी देवी पत्नी दिनेश नेगी निवासी थैंग, उम्र 27 वर्ष। (रेफर)

नाम पता मृतक-

1. सगीता देवी पत्नी कुवंर सिंह निवासी भलगांव, उम्र 32 वर्ष।

2.कमल सिंह नेगी पुत्र राम सिंह निवासी थैंग, उम्र 43 वर्ष।