07HREG1 एएचटीयू टीम ने होली पर परिजनों से मिलाये 4 लापता बच्चे
फिरोजाबाद, 06 मार्च (हि.स.)। थाना एएचटीयू टीम ने सोमवार को कई वर्षों से बाल संरक्षण गृह में निरूद्ध 04 बच्चों को उनके माता-पिता को ढूँढ़कर उनके सुपुर्द किया है। त्यौहार पर माता-पिता अपने खोए बच्चों से मिलकर खुश नजर आये, वह अपनी आंख से आंसू नही रोक पाये।
जनपद में बाल संरक्षण गृह में निरूद्ध बच्चे जो कि कई वर्षों से अपने घर से गायब हो गए थे, को उनके माता-पिता से मिलाने हेतु अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना एएचटीयू प्रभारी भानू प्रताप ने पुलिस टीम व बाल कल्याण समिति के पदाधिकारियों के साथ विभिन्न प्रदेशों के 04 बच्चों अनमोल (13) पुत्र स्व0 हरीशपाल निवासी थाना निधौली कलाँ जनपद एटा, विराट (10) पुत्र रवि सिसौदिया निवासी थाना घोड़ा जनपद राजगढ़ मध्य प्रदेश, कृष्णा (11) पुत्र रामचन्द्र निवासी बल्लभगढ़ फरीदाबाद हरियाणा व दीपक (13) पुत्र विष्णु गुप्ता निवासी सैक्टर 04 निकट दुर्गा मंदिर फरीदाबाद हरियाणा को उनके माता-पिता को खोजकर सोमवार को उनके सुपुर्द किया है।
लापता बच्चों को पाकर उनके परिजन खुशी से झूम उठे। नम आँखों से माता-पिता व बच्चों द्वारा पुलिस का आभार प्रकट करते हुए धन्यवाद व्यक्त किया गया।