01HREG368 नेपाल : एक करोड़ के आभूषणों के साथ तीन भारतीय गिरफ्तार
-उत्तर प्रदेश के बलिया और पश्चिमी बंगाल राज्य के हावड़ा के निवासी हैं आरोपित
-भरतपुर महानगर के वार्ड नंबर 12 गोंडरांग स्थित पूर्वी पश्चिमी लोकमार्ग रोड खंड से हुई गिरफ्तारी
महराजगंज, 01 मार्च (हि.स.)। पड़ोसी राष्ट्र नेपाल के चितवन पुलिस ने एक करोड़ से अधिक के सोने और हीरे के आभूषणों को बरामद किया है। तीन आरोपित गिरफ्तार भी हुए हैं। ये सभी भारतीय नागरिक बताए जा रहे हैं।
पुलिस का दावा है कि बरामद ज्वेलरी में 63 तोला से अधिक सोना और 22 तोला हीरे के जेवरात शामिल हैं। गहनों की अनुमानित कीमत लगभग 10 करोड़ रुपये आंकी जा रही है। कीमती आभूषणों की अवैध आवाजाही की विशेष सूचना के आधार पर जिला पुलिस कार्यालय चितवन ने कार्रवाई का आदेश दिया था। यहां तैनात पुलिस दल ने भरतपुर महानगर के वार्ड नंबर 12 गोंडरांग स्थित पूर्वी पश्चिमी लोकमार्ग रोड खंड से इन तीनों भारतीयों को गिरफ्तार किया। बुधवार दोपहर को यह गिरफ्तारी लगभग एक बजे हुई।
इनकी हुई गिरफ्तारी
गिरफ्तार होने वालों में यूपी के बलिया जिले के बलिया थाना क्षेत्र के फेफना का रहने वाला कार चालक विनोद प्रसाद, पश्चिम बंगाल के कोलकता के सलकिया स्कूल रोड निवासी गणपत कुमार तोसावर और नरेश वर्मा निवासी हावड़ा शामिल हैं।
कहती है पुलिस
चितवन पुलिस ने बताया कि पूर्व से पश्चिम की ओर आ रही कार को रोककर चेकिंग की गयी। कार चालक की सीट के पीछे गियर बॉक्स और एयर फिल्टर के अंदर कीमती आभूषण बरामद हुए। इनमें हीरे और सोने के आभूषण के आलावा विभिन्न प्रकार के पत्थर शामिल हैं। पुलिस उपाधीक्षक रामेश्वर कार्की ने बताया कि उनमें से 12 पीस पीली धातु का चोकर, 5 पीस पीली धातु सीकड़, 2 पीस हीरा और दो पीस पीली धातु के आभूषण शामिल हैं। जब्त सोना और कार को राजस्व जांच कार्यालय, हरिहर भवन, काठमांडू भेजा जाएगा।