02HREG42 चर्चा में एक्सपर्ट लोगों ने बजट को बताया ‘डेवलपमेंट बजट’
लखनऊ, 02 फरवरी (हि.स.)। लखनऊ में आम बजट के बाद हुई चर्चा में बजटीय मामलों के एक्सपर्ट लोगों ने बजट को देश के हित में विकासपरक एवं डेवलपमेंट बजट बताया है। व्यापारी वर्ग से लेकर रिटायरमेंट होने वाले कर्मचारियों तक का बजट में ध्यान रखा गया हैं।
बजट पर चर्चा में गुरुवार को राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के अध्यक्ष जेएन तिवारी ने कहा कि सरकारी कर्मचारी के रिटायर होने के बाद सामान्य तौर पर एक समस्या नकदीकरण से जुड़ी सामने आती रही हैं। रिटायरमेंट के बाद अर्जित अवकाश के नकदीकरण पर अब 25 लाख रुपयों तक कर छूट कर दिया गया है, जो सरकार का विकासपरक व सराहनीय कदम है। इससे राज्य कर्मचारियों के खुशी का माहौल है। इसके साथ ही गैर सरकारी कर्मचारियों के हित का भी बजट में ध्यान रखा गया है।
अर्थशास्त्री के रुप में विख्यात प्रो.एमके अग्रवाल ने कृषि क्षेत्र में हुई घोषणा पर कहा कि कृषि क्षेत्र के लिए 20 लाख करोड़ के कर्ज वितरण का लक्ष्य मायने रखता है। देश की उन्नति एवं डेवलपमेंट के लिए यह कारगर कदम है। कृषि त्वरण निधि की स्थापना से नवाचार व स्टार्टअप को भी प्रोत्साहन मिलने की पूरी उम्मीद है। ये समय पर सही कदम उठाया गया है।
जीएसटी काउंसिल में ग्रीवांस रिड्रेसल कमेटी के सदस्य मनीष खेमका ने कहा कि बजट से राज्य सरकार को सीधे तौर पर राहत मिलेगी। घाटा होने के बाद भी बजट में राज्य सरकार पर कोई आर्थिक बोझ नहीं डाला गया है। टैक्स की सीमा बढ़ायी गयी है। बजट पर एक नजर डालने पर सामने आता है कि यह डेवलपमेंट को ध्यान में रखकर बनाया बजट है।
चिकित्सकीय क्षेत्र में बजट के असर पर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान के अधीक्षक डाक्टर विक्रम सिंह ने दो टूक कहा कि चिकित्सकीय क्षेत्र में रोजगार के नये अवसर आने वाले हैं। 157 नवीन नर्सिंग कालेज खुलेंगे तो उससे चिकित्सा क्षेत्र में नयी चेतना आयेगी। चिकित्सकीय क्षेत्र में डेवलपमेंट की सोच के साथ बजट आया है, जिसका हम स्वागत करते हैं। आम लोगों को भी यह बजट राहत देने वाला है। बजट में आयकर छूट की सीमा बढ़ने से बड़ी राहत मिली है और इसका व्यापक असर है।
लखनऊ में बजट पर चर्चा में समाजसेवी क्षेत्र, व्यापारिक क्षेत्र, विदेश से आयात-निर्यात करने वाले कारोबारी, दवा कारोबारी, अर्थशास्त्र क्षेत्र, चिकित्सकीय क्षेत्र, महिला वर्ग, युवा वर्ग, कृषि क्षेत्र में कार्यरत व्यापारी व किसानों ने अपनी-अपनी प्रतिक्रियाएं देते हुए बजट को सराहनीय व डेपलवमेंट बजट बताया।