02HREG41 कानपुर : आधे घंटे देर से शुरू हुई एमएलसी चुनाव की मतगणना
कानपुर,02 फरवरी (हि.स.)। एमएलसी स्नातक एवं शिक्षक एमएलसी सीट के लिए मतगणना गुरुवार सुबह लगभग आधे घंटे देर से शुरू हुई। सुरक्षा के मद्देनजर पुख्ता इंतजाम किये गए है। मतगणना कर्मी वैध मतपत्रों की गड्डी बनाने के साथ ही अवैध मतपत्रों को अलग करना शुरू किया गया है। प्रत्याशियों के प्रतिनिधि निगरानी करने के लिए डटे हुए हैं।
मंडलायुक्त डॉ.राजशेखर और जिलाधिकारी विशाख जी अपने सभी अधिकारियों की टीम के साथ मतगणना स्थल पर है। इसके साथ ही पुलिस के अधिकारी भी भारी पुलिस बल के साथ सुरक्षा में लगे हुए हैं। पचास प्रतिशत मत जिस प्रत्याशी को मिल जाएंगे उसकी जीत पक्की हो जाएगी।
मतगणना के लिए लगी है 14-14 टेबल
तीसरे नेत्र की निगरानी के साथ लगभग 244 मतगणना कर्मी मतों की गिनती करने में लगे हुए है। स्नातक एवं शिक्षक एमएलसी सीट के लिए कुल चौदह-चौदह टेबल लगाई गई है। दोनों कमरों के बाहर बल्लियों के बीच से आने-जाने का रास्ता बनाया गया है।
प्रत्येक टेबल पर एक माइक्रो आब्जर्वर, एक मतगणना पर्यवेक्षक और दो सहायक लगे हुए हैं। हर टेबल पर राउंड वार संबंधित मतदान केन्द्र की मतपेटिका, मतपत्र लेखा और पेपर सील लेखा दी जाएगी। वैध मतपत्रों को अभ्यर्थी वार बंडल बनाकर, प्रपत्र भरकर आरओ टेबल पर रखना है।
शिक्षक एमएलसी चुनाव में कानपुर नगर, उन्नाव, कानपुर देहात में 5599 पुरुष और 30379 महिलाओं ने मतदान किया। वहीं शिक्षक एमएलसी में 8417 पुरुष, 5104 महिलाओं ने मतदान किया।