30HREG55 काशी विद्यापीठ में छात्रसंघ चुनाव के लिए बुद्धि-शुद्धि यज्ञ, हरिश्चंद्र कालेज में धरना प्रदर्शन
वाराणसी, 30 जनवरी (हि.स.)। छात्रसंघ चुनाव शीघ्र करवाने की मांग कर सोमवार को महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में छात्रों के एक गुट ने बुद्धि-शुद्धि यज्ञ किया। वहीं, मैदागिन स्थित हरिश्चंद्र पीजी कालेज के छात्रों ने कालेज के मुख्य द्वार पर धरना दिया।
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में छात्रनेता अपने समर्थकों के साथ छात्रसंघ चुनाव करवाने की मांग को लेकर पिछले कई दिनों से आंदोलन कर रहे हैं। छात्रसंघ चुनाव की तिथियों को लेकर छात्र कई बार उग्र प्रदर्शन करने के साथ प्रशासनिक भवन में ताला जड़ने के बाद घूम-घूमकर संकायों को बंद करा चुके हैं। आंदोलन के क्रम में आज पूर्वांह छात्रों के एक गुट ने चुनाव अधिकारी की फोटो अपने हाथ में लेकर प्रशासनिक भवन के सामने बुद्धि-शुद्धि यज्ञ किया।
छात्रों का आरोप है कि विश्वविद्यालय प्रशासन ने पहले चुनाव की तिथियां घोषित कर दी। फिर उसको संभावित तिथियां बना दीं। विश्वविद्यालय प्रशासन दलील दे रहा है कि प्रदेश शासन ने चुनाव नहीं कराने का निर्देश दिया है। आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय प्रशासन लोकतांत्रिक मूल्यों का गला घोंट रहा है । उधर, हरिश्चंद्र महाविद्यालय में भी छात्रों के एक गुट ने छात्रसंघ चुनाव की मांग कर धरना दिया।