उज्जैन: खेलो इण्डिया में होने वाले दो खेलों की तैयारियों की कलेक्टर ने की समीक्षा

19HREG118 उज्जैन: खेलो इण्डिया में होने वाले दो खेलों की तैयारियों की कलेक्टर ने की समीक्षा

उज्जैन, 19 जनवरी (हि.स.)। खेलो इण्डिया के तहत उज्जैन को दो खेल मिले हैं। योगासन की प्रतियोगिताएं 1 से 3 फरवरी तक और मलखंब की प्रतियोगिता 6 से 10 फरवरी तक होगी। कलेक्टर आशीष सिंह ने गुरूवार को तैयारियों की समीक्षा आयोजन स्थल पर की। इस दौरान एसपी सत्येंद्र शुक्ल भी उपस्थित थे। इस अवसर पर उन्होंने शुभंकर के साथ फोटो खींचवाकर प्रचार का आव्हान किया।

इन खेलों का आयोजन स्थल महाकाल मंदिर के समीप स्थित भारत माता मंदिर परिसर में माधव सेवा न्यास के संयोजन में होगा। गुरूवार को समीक्षा बैठक में कलेक्टर आशीष सिंह एवं एसपी सत्येन्द्र कुमार शुक्ल ने प्रतियोगिता के लिये नियुक्त किये गये फील्ड एरिया प्रमुखों की बैठक ली। निर्देश दिये कि सभी फील्ड एरिया प्रमुख खेलों के आयोजन में गंभीरता से लग जाए। उन्होंने नोडल अधिकारी सह एडीएम संतोष टैगोर को नियुक्त किया। इस अवसर पर कलेक्टर एवं एसपी ने खेलो इंडिया के शुभंकर के साथ फोटो खिंचवाये। बैठक में कलेक्टर ने कहा कि हर तैयारी की संबंधित प्रभारी माइक्रो प्लानिंग करे। श्री महाकाल महालोक में खेलो इंडिया की ब्राण्डिंग होगी।

कलेक्टर ने कहा कि 21 जनवरी को अपरांह 4 बजे घण्टाघर से टार्च रैली प्रारंभ होगी। यह रैली फ्रीगंज ओव्हरब्रीज,चामुण्डा माता मंदिर चौराहा, देवासगेट चौराहा, मालीपुरा, गुदरी होते हुए माधव सेवा न्यास पहुंचेगी। कलेक्टर ने आवास व्यवस्था के लिये तय की गई 16 होटल्स में, प्रत्येक में एक-एक नोडल अधिकारी नियुक्त करने तथा स्टेट लेवल के कॉर्डिनेशन के लिये दो हेल्पलाइन नम्बर जारी करने के निर्देश दिए।

बैठक में फीट इंडिया के सीईओ रोहित खन्ना ने बताया कि खेलो इंडिया आयोजन का उद्देश्य दूरस्थ क्षेत्रों में छुपी खेल प्रतिभाओं को तराशने का है। 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों का विश्व स्तर का खेल अनुभव कराते हुए उन्हें एक्सपोजर देना है। उज्जैन में सम्पूर्ण देश से 18 वर्ष से कम आयु के 500 से अधिक खिलाड़ी प्रतियोगिता में भाग लेंगे। योगासन एवं मल्लखंब आज की स्थिति में ग्लोबल हो चुके हैं। बैठक में सोनू गेहलोत, माधव सेवा न्यास के बलराज भट्ट, सचिव विपिन आर्य, न्यासी विजय केवलिया सहित विभिन्न खेल संगठनों के पदाधिकारी एवं अधिकारीगण मौजूद थे।