20HREG426 राष्ट्रीय सेवा योजना से जुड़कर की जा सकती है समाज की सेवा
लखनऊ, 20 जनवरी (हि.स.)। बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय में शुक्रवार को राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) में आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों की स्क्रीनिंग की गयी। स्क्रीनिंग के दौरान छात्रों से राष्ट्रीय सेवा योजना से जुड़े सामाजिक गतिविधियों पर खुलकर संवाद किया गया।
इस कार्यक्रम में 300 से अधिक छात्र शामिल हुए। विद्यार्थियों के एनएसएस से जुड़ने पर उन्हें प्रोत्साहित करते हुए कुलपति आचार्य संजय सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों में सेवा भाव का होना जरूरी है। विवि का भी यही उद्देश्य है कि विद्यार्थी शिक्षार्थ आए, सेवार्थ जाए। जब हमारे अंदर समाज सेवा का भाव प्रबल होगा तब ही हम अपने ज्ञान और शिक्षा का प्रयोग सही दिशा में कर सकेंगे।
एनएसएस समन्वयक डॉ. पवन कुमार चौरसिया ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना के माध्यम से अनेक सामाजिक कार्य किए जा सकते हैं, जिससे सीधा जरुरतमंद को लाभ पहुंचाया जा सकता है। एनएसएस हमारे अंदर सहयोग की भावना विकसित करता है। उन्होंने कहा कि हमारे पास विवि में 2015 में एक यूनिट ही थी, अब हमारे पास एनएसएस की चार यूनिट है।
एनएसएस के माध्यम से ब्लड डोनेशन कैंप, जन जागरूकता, ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षण सामग्री वितरित करने जैसी मुहिम चलाकर अपनी सेवा दे सकते हैं। यूनिट अध्यक्ष प्रणव आनंद ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना से जुड़ना और उसके माध्यम से समाज की सेवा करना सभी स्वयं सेवकों के लिए समाज से जुड़ने का एक सुनहरा अवसर है। इस अवसर पर छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो0 बीएस भदौरिया ने भी विद्यार्थियों को सामाजिक कल्याण में योगदान के लिए प्रोत्साहित किया।