तीर्थ नगरी ऋषिकेश में मौसम ने लिया यू टर्न, लौटी ठंड

30HREG41 तीर्थ नगरी ऋषिकेश में मौसम ने लिया यू टर्न, लौटी ठंड

ऋषिकेश, 30 जनवरी (हि.स.)। तीर्थ नगरी में अचानक से मौसम का मिजाज बदल गया है। रात को हुई जमकर बारिश के बाद सोमवार की सुबह फिर से बारिश पड़ने से यहां का पारा तेजी से लुड़क गया है।

रविवार को ही दिनभर धुंध छाए रहने ने मौसम के करवट बदलने के संकेत मिलने लगे थे। रात होते होते झमाझम बारिश शुरू हो गई। बारिश का ये दौर सोमवार की सुबह भी जारी रहा, जिसकी वजह से स्कूली बच्चों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

चार-पांच दिन की कड़क धूप के बाद तीर्थ नगरी में मौसम गर्म होना शुरू हो गया था। कुछ लोगों ने तो अपने गर्म कपड़े भी समेटने शुरू कर दिए थे लेकिन फिर अचानक मौसम ने करवट बदल ली। सोमवार सुबह काफी देर तक बारिश हुई। बारिश थमी तो तेज हवाएं बहने लगीं। इससे यहां का पारा भी तेजी से गोता खा गया।

गौरतलब है कि पिछले एक सप्ताह से तीर्थ नगरी का मौसम बेहद खुशनुमा हो रखा था। हवा में ठंड तो थी, लेकिन धूप मजेदार थी। ऐसे में हल्की शीतलहर का अहसास कम हो रहा था। लोग भी टोपी-जैकेट किनारे रख हल्के कपड़ों में आ गए थे लेकिन मौसम के इस यू-टर्न के बाद अब ठिठुरने वाली सर्दी फिर से आ गई है।