25HLEG14 प्रमुख सचिव विधि ने राज्य विधि अधिकारी कार्यालय का किया निरीक्षण
–मिली कमियों को दुरुस्त कराने का दिया निर्देश
प्रयागराज, 25 जनवरी (हि.स.)। प्रदेश सरकार के प्रमुख सचिव विधि एवं न्याय, पी के श्रीवास्तव ने आज अपने विशेष सचिवों के साथ राज्य विधि अधिकारी कार्यालय (अंबेडकर भवन) का औचक निरीक्षण किया। प्रमुख सचिव विधि का किया गया यह निरीक्षण हाईकोर्ट द्वारा पारित आदेश के अनुपालन में किया गया। भवन निरीक्षण के दौरान विशेष सचिव न्याय विभाग, संजय कुमार वर्मा तथा अतुल सिंह भी व्यवस्था अधिकारी के साथ-साथ उपस्थित रहे।
प्रमुख सचिव ने पाया कि भवन में लगा बायोमैट्रिक सिस्टम चालू हालत में है। परंतु लेखा अनुभाग के अभिलेखों के रखरखाव को लेकर खेद व्यक्त किया तथा कहा कि इसका रख-रखाव ठीक से किया जाए। राज्य विधि अधिकारी कार्यालय के अधिकारियों व कर्मचारियों को समय से ऑफिस में आने का निर्देश दिया गया। कई जगह भवन में गंदगी भी पाई गई जिसे तत्काल हटाने का भी निर्देश दिया गया।
निरीक्षण के दौरान प्रमुख सचिव ने पाया कि आलमारियां होने के बावजूद फाइलें फर्श पर रखी हुई है। यह भी देखा कि कई जगह पर्याप्त बिजली की व्यवस्था व साफ सफाई नहीं है। पीडब्ल्यूडी के इंजीनियर को निर्देश दिया गया कि वह पर्याप्त बिजली की व्यवस्था करे। कार्यालय में फालतू पड़ी वीड आउट फाइलों को भी वहां से हटाने का निर्देश दिया गया। इस दौरान कार्यालय के उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिया गया कि वह समय से कार्यालय आयें ताकि कोर्ट के न्याय व्यवस्था में फाइलों के न पहुंचने से कोई बाधा उत्पन्न न हो।