एजेंडे के तहत कार्य रहे वामपंथी को जवाब देगी जनता : महेन्द्र भट्ट

31HREG302 एजेंडे के तहत कार्य रहे वामपंथी को जवाब देगी जनता : महेन्द्र भट्ट

देहरादून, 31 जनवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि आपदाग्रस्त जोशीमठ क्षेत्र में वामपंथी नकारात्मक सोच के साथ काम कर रही है। इन संगठनों से सतर्क रहने की जरूरत है। राष्ट्रभक्त जनता इनके मंसूबों का भांप कर सचेत होकर सही जवाब देगी।

भाजपा अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट ने जारी अपने बयान में आंदोलन की आड़ में जोशीमठ आपदा के समाधान में बाधा डालने और विलम्ब करवाने के लिए वामपंथी संगठनों को निशाने पर लिया है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड राज्य का बलिदानों का इतिहास रहा है। अब तक यह ऐसी पहली सरकार है जो विस्थापन के सर्वश्रेष्ठ विकल्पों के अमल में प्रभावित पक्षों से सुझाव ले रही है लेकिन हिन्दी-चीनी भाई-भाई के नारे लगाने वाले स्थानीय लोगों को भड़काकर राहत पुनर्वास के कामों में बाधा डाल रहे हैं।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के इस क्षेत्र की सामरिक लिहाज से बड़ी भूमिका रही है, लेकिन वामपंथी इस तरह के कुत्सित प्रयास कर रहे हैं। प्रशासन राहत व बचाव कार्यों में पूरी तरह से जुटा हुआ है। केंद्रीय विशेषज्ञ एजेंसियां रिपोर्ट तैयार कर रही है और स्वयं प्रधानमंत्री मोदी राहत कार्यों की निगरानी कर रहे हैं, लिहाज़ा किसी को चिंता करने की जरूरत नही है।

भट्ट ने उन आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए कहा कि उनके ओर से किसी भी स्थानीय निवासी को आंदोलन से रोकने का सवाल ही नही उठता है लेकिन वह लोगों को वामपंथी विचारधारा वाले संगठनों से सचेत करना चाहते हैं, जिनकी अभिरुचि राहत और पीड़ितों के पुनर्वास में कम और अपना एजेंडा साधना अधिक है।

राज्य के बाहर दिल्ली, मुम्बई,जेएनयू से जोशीमठ आये कम्युनिस्ट संगठनों के लोगों का एकमात्र लक्ष्य है,स्थानीय लोगों को बरगलाकर आंदोलनों के माध्यम से आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास नीति व अन्य राहत के कार्यों को बाधित करना। तमाम ताकतें नहीं चाहती कि सीमावर्ती क्षेत्रों में विकास के काम हो और हमारी सामरिक ताकत मजबूत हो। लोगों के दिल में चीन संघर्ष के दौरान किये इनके राष्ट्र विरोधी कारनामे आज भी मौजूद हैं,लिहाज़ा देवभूमि की राष्ट्रवादी जनता इनके छलावे में नही आने वाली है।