22HREG224 नागदा: स्वामी दयानंद के चितंन को समर्पित शोभाया़त्रा में नारी शक्ति के उठे हाथ, धर्ममय हुआ शहर
नागदा 22 जनवरी (हि.स.)। उज्जैन जिले के औद्योगिक नगर नागदा में महान ग्रंथ सत्यार्थ प्रकाश के रचयिता एवं आर्य समाज के संस्थापक स्वामी दयानदं सरस्वती के चिंतन को समर्पित रविवार को एक विशाल शोभायात्रा का आयोजन हुआ। हजारों महिलाओं ने हाथों में कलश थामे सड़कों पर वैदिक धर्म का अलख जगाया। यह आयोजन सार्वदेशिक आर्यप्रतिनिधि सभा के पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष स्व सेवाराम आर्य की स्मृति को ताजा कर गया।
दिवंगत सेवाराम आर्य के पुत्र कमल आर्य के संयोजन में सात दिवसीय वैदिक श्रीराम कथा का सात दिवसीय कार्यक्रम के प्रंसग के अवसर पर पहले दिन यह कार्यक्रम हुआ। शोभायात्रा में हजारों महिलाओं ने हाथों में कलश थामें शहर के मुख्य मार्गों पर भ्रमण किया। इस मौके पर पूरा शहर धर्म के रंग में भीगता नजर आया। कलश यात्रा पर इतने पुष्प बरसे कि सड़क रंग- बिरंगी हो गई। कहीं पर अटालिकाओं पर से तो कहीं बहुमंजिला मकानों से शोभाया़त्रा पर फूलों की बरसात हुई। पग-पग पर मंच से सामाजिक संगठन एवं गणमान्य स्वागत को आतुर दिखे। शहर शोभायात्रा पर बरस रहे फूलों की खुशबू से महकता रहा तो दूसरी और संगीत की स्वर लहरियों पर हर कोई मुग्ध नजर आया। शोभाया़त्रा में शामिल महिलाएं केसरियां परिधान एवं रंग-बिरगी चुनरियों में थिरकती दिखी। कार्यक्रम के प्रति महिलाओं के रूझान इस बात में परिलक्षित नजर आया कि कलश यात्रा की लंबाई की थाह पाने में मशक्कत करना पड़ी। महिलाएं दो-दो कतारों में इतनी थी कि जब शोभाया़त्रा का शीर्ष भाग मुख्य बाजार में पंहुच चुका तब अंतिम छोर कथा स्थल पर था।
बग्गी में थी सवार विदुषी कथा वाचक
शोभायात्रा के बीच एक वाहन में भगवान राम की सवारी में वैद्धिक पद्धति से यज्ञ की ज्वाला में समिधा की आहुति का प्रसंग जनता के लिए आकर्षण का केंद्र बना। वैदिक यज्ञ प्रंसग ने आधुनिक युग में आर्यसमाज की प्रांसगिकता को रेखांकित किया। इस सवारी में आर्य समाज के दिवंगत राष्ट्रीय किरदार सेवाराम आर्य की तस्वीर ने आर्य समाज में उनके योगदान की याद को भी ताजा किया। साथ ही एक बग्गी में हरियाणा की विदुषी कथा वाचक अंजलि आर्या एक बग्गी में सवार थी। अंजलि आर्या राष्ट्रीय स्तर पर आर्य समाज में एक ख्यात नाम है। वे एक लंबे समय से स्वामी दयानंद के आर्दर्शो को कथा के माध्यम से अलख जगाने में जुटी है।
शुभारंभ समारोह
वैदिक कथा के स्थल पाड़ल्या रोड स्थित पटेल सेवाराम की बावड़़ी परिसर में शोभायात्रा के पूर्व शुभारंभ समारोह हुआ। अतिथियों ने दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस मौके पर आचार्य विश्वामित्र, भाजपा के जिला अध्यक्ष बहादुरसिंह बोरमुंडला, पूर्व विधायक लालसिंह राणावत, भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य डाॅ तेजबहादुरसिंह चौहान, पूर्व नपा उपाध्यक्ष राजेश धाकड़, भाजपा नेत्री बबिता रघुवंशी, भाजपा मंडल अध्यक्ष सीएम अतुल, महिदपुर मंडल अध्यक्ष संदीप व्यास, सांसद प्रतिनिधि प्रकाश जैन, वरिष्ठ नपा उपाध्यक्ष सुभाष शर्मा आदि ने दीप प्रज्जवलित किया।