28HREG315 कानपुर: चुन्नी गंज में अस्सी करोड़ की लागत से तैयार हो रहा है आधुनिक कन्वेंशन सेंटर
कानपुर, 28 जनवरी (हि.स.)। स्मार्ट सिटी योजना के तहत अस्सी करोड़ की लागत से चुन्नी गंज में तैयार हो रहे आधुनिक कन्वेंशन सेंटर के उद्योगों का सेंट्रल एक्टिविटी का हब होगा। इसके निर्माण हो जाने से कला, संस्कृति, व्यापार एवं उद्योग के क्षेत्र में ख्याति दिलाने के साथ ही कलाकारों, व्यापारियों एवं उद्योग बंधुओं तक इसका सीधा लाभ होगा।
मंडलायुक्त डा.राजशेखर ने शनिवार को बताया कि यह कानपुर की प्रतिष्ठित परियोजना है। शहर और क्षेत्र में कला, संस्कृति, व्यापार और उद्योग को बढ़ावा देने के लिए सेंट्रल एक्टिविटी हब होगा। इसे दो चरणों में विकसित किया जा रहा है, इसके प्रथम चरण हेतु 67.41 करोड़ का कार्य बहुमंजिला भवन के निर्माण के लिए है।
प्रथम चरण में ये होंगे प्रमुख कार्य
बैठने की क्षमता अत्याधुनिक सभागार,16000 वर्ग फुट प्रदर्शनी हॉल,12000 वर्ग फुट प्रदर्शनी हॉल,तीन सौ लोगों के बैठने की क्षमता सम्मेलन कक्ष,3 संख्या- 100 क्षमता बैठक कक्ष, 06 अतिथि कमरे, 02 सुइट अतिथि कमरे, 8000 वर्ग फुट फ़ूड कोर्ट,68 वाहनों की कवर्ड पार्किंग, 08 व्यावसायिक दुकानें, व्यापार केंद्र, रेस्टोरेंट इत्यादि की सुविधा उपलब्ध होगी।
भवन में होगी कमल के फूल की थीम,ईपीसी मॉडल पर हो रहा है विकसित
आयुक्त ने बताया कि भवन को ग्रीन बिल्डिंग के रूप में डिजाइन किया गया है। सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) को भवन में शामिल किया गया है। छत पर लगे सोलर पैनल के साथ पूरा भवन एनर्जी एफिशिएंट होगा, जिससे बेसिक लाइटिंग की जाएगी। पूरी सुविधा वातानुकूलित होगी, जिसमें ढाई मंजिला संरचना में सुविधाजनक पारगमन के लिए आठ लिफ्ट और चार एस्केलेटर होंगे। ईपीसी मॉडल पर विकासकर्ता एम.एच.पी.एल. इण्डिया ने इस प्रोजेक्ट के लिए थीम बेस्ड डिजाइन तैयार किया है। भवन में कमल के फूल की थीम होगी।
दिसंबर 2023 तक तैयार करने की निर्धारित की गयी समयावधि
इस परियोजना को माह दिसम्बर, 2023 तक पूर्ण किया जाना है। जमीनी हकीकत जानने पहुंचे आयुक्त ने नगर आयुक्त एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी को कार्यदायी संस्था के द्वारा इसे निर्धारित अवधि से 04 माह पूर्व 15 अगस्त, 2023 तक पूर्ण कराये जाने के निर्देश दिया है, ताकि आजादी के 75 वर्ष पूर्ण होने से आमजन मानस को समर्पित कर इसका शहरवासियों को लाभ प्राप्त कराया जा सके।
कन्वेंशन सेंटर के चारों ओर स्मार्ट रोड परियोजना के तहत स्मार्ट रोड विकसित की जा रही है, जिसके तहत फुटपाथ पर एण्टी स्किट ग्रेनाइट लगाया जा रहा है और बिजली के पोल को शिफ्ट किया जा रहा है। आयुक्त ने इसके लिए अधिशासी अभियन्ता, केस्को, परेड अरुण कुमार को स्मार्ट रोड विकासकर्ता से समन्वय बनाते हुए आवश्यक कार्यवाही करने का मण्डलायुक्त ने निर्देश दिया है।