08HREG52 भाजपा सरकार सैनिकों के हित में संचालित कर रही कई योजनाएं : मंत्री जोशी
-सैन्य धाम अक्टूबर माह में बनकर हो जाएगा तैयार
देहरादून, 08 जनवरी (हि.स.)। प्रदेश सैनिक कल्याण मंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार सैनिकों के हित में कई जन कल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही है। देहरादून में सैन्य धाम अक्टूबर माह में बनकर तैयार हो जाएगा।
रविवार को सेलाकुई में पूर्व सैनिक पर्वतीय जन कल्याण समिति, पछवादून की ओर से आयोजित चतुर्थ स्थापना दिवस कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने यह बातें कहीं। इस दौरान उन्होंने पूर्व सैनिकों, वीरांगनाओं को स्थापना दिवस की बधाई और शुभकामनाएं देते हुए वीर नारियों को भी सम्मानित किया।
मंत्री जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन के अनुरूप राज्य में पांचवें धाम के रूप में देहरादून में एक भव्य ‘सैन्य धाम‘ का निर्माण किया जा रहा है, जिसका निर्माण कार्य तेज गति से किया जा रहा है। सैन्य धाम आने वाली अनेकों पीढ़ियों के लिए राष्ट्र आराधना के एक दिव्य प्रेरणा पुंज के रूप में कार्य करेगा। अक्टूबर माह के अंत तक सैन्यधाम बनकर तैयार हो जाएगा।
मंत्री ने कहा कि यह सैन्य धाम सभी उन वीरों को सच्ची श्रद्धांजलि होगी। जिन्होंने अपने प्राणों की परवाह ना करते हुए, तिरंगे की शान और राष्ट्र की रक्षा के लिए अपने प्राणों को न्यौछावर कर दिया।
उन्होंने बताया कि पूर्व सैनिकों, सैनिकों और उनके आश्रितों के कल्याण के लिए राज्य सरकार की ओर से अनेक जन कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। प्रदेश में शहीद द्वार/ स्मारकों के निर्माण कार्य अब सैनिक कल्याण विभाग के माध्यम से कराया जा रहा है। पहले यह संस्कृति विभाग के माध्यम से कराया जाता था।
मंत्री जोशी ने बताया कि वीरता चक्र श्रृंखला से अलंकृत सैनिकों और वीर नारियों को उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों में निःशुल्क यात्रा सुविधा प्रदान की जा रही है। राज्य सरकार ने सैनिकों या उनके आश्रितों को मिलने वाली अनुदान राशि बढ़ाने से लेकर शहीद सैनिकों के आश्रितों को राज्य सरकार के अधीन आने वाली नौकरियों में वरीयता के आधार पर नियुक्ति देने का भी फैसला लिया गया है।
इस मौके पर समिति अध्यक्ष निरंजन सिंह चौहान,विधायक सहदेव सिंह पुंडीर,कैलाश पंत,सचिव कैप्टन सूर्य बहादुर राणा, उपाध्यक्ष खड़ग सिंह, कोषाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह गुसाईं, ब्रिगेडियर संदीप, कर्नल आर.एस. भंडारी,सहित कई लोग उपस्थित रहे।