कन्या विवाह-निकाह योजना का अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को मिले लाभः संभागायुक्त

27HREG332 कन्या विवाह-निकाह योजना का अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को मिले लाभः संभागायुक्त

भोपाल, 27 जनवरी (हि.स.)। संभागायुक्त मालसिंह भयड़िया ने शुक्रवार को कमिश्नर कार्यालय में बैठक में सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण की समीक्षा करते हुए भोपाल संभाग के सभी जिलों में मुख्यमंत्री कन्या विवाह, निकाह योजना में पात्र हितग्राहियों को अधिक से अधिक लाभांवित करने के निर्देश दिए।

संभागायुक्त भयड़िया ने दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग एवं विभिन्न उपकरण प्रदाय संबंधी संभाग की जिलेवार समीक्षा की। उन्होंने कहा कि संभाग के सभी जिलों में दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग उपकरणों प्रदाय करने के लिए संयुक्त संचालक सामाजिक न्याय विभाग आरके सिंह को निर्देश दिए कि दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग का लाभ मिल सके, इसका प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक जिले में कैम्प आयोजित कर दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग एवं उपकरण प्रदान किए जाए।

संभागायुक्त ने कहा कि संभाग के सभी जिलों में मुख्यमंत्री कन्या विवाह, निकाह योजना की तिथियां घोषित हो गई है। उन्होंने कहा कि इन तिथियों की जानकारी आम जनता तक पहुँचाने के लिए मुस्तैदी से प्रयास किए जाए और जिले में प्रॉपर प्रचार-प्रसार करें जिससे अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ मिल सके।

संभागायुक्त भयड़िया ने सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग भोपाल संभाग की योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंन कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान 31 जनवरी और एक फरवरी को समीक्षा बैठक ले रहे है। बैठक की विस्तृत रूप से तैयारी करने के निर्देश संयुक्त संचालक सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन आरके सिंह को निर्देश दिए। बैठक में संयुक्त आयुक्त राजस्व सुदर्शन कुमार सोनी एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।