कन्नौज: किसान नेता से की गई लाखों की ठगी, मुकदमा दर्ज

30HREG329 कन्नौज: किसान नेता से की गई लाखों की ठगी, मुकदमा दर्ज

गुरसहायगंज, 30 जनवरी (हि.स.)। जल जीवन मिशन में ठेका दिलवाने के नाम पर छिबरामऊ के कुछ लोगों द्वारा किसान नेता से लाखों की ठगी करने का मामला प्रकाश में आया है। किसान नेता की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने सुसंगत धाराओं में दो आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है।

जानकारी के अनुसार, क्षेत्र के ग्राम मधवापुर निवासी भारतीय किसान यूनियन के जिला उपाध्यक्ष प्रमोद कुमार त्रिपाठी पुत्र जगत नारायण त्रिपाठी ने कोतवाली में दी गई तहरीर में कहा कि छिबरामऊ निवासी अनुराग मिश्रा पुत्र राधेश्याम एवं प्रदीप दीक्षित पुत्र अज्ञात 25 जुलाई 2022 को उसके घर आए। उन्होंने कारमाम बिल्डकॉन प्राइवेट लिमिटेड से पाइप लाइन बिछाने का ठेका दिलाने की बात कही। दोनों से पहले ही उनकी जान पहचान होने के चलते वह उन लोगों पर भरोसा कर बैठे और सिक्योरिटी के लिए छह लाख रुपये उन्हें रामगंज गुरसहायगंज फर्रुखाबाद रोड स्थित अमन टायर की दुकान पर प्रवीण पुत्र हरिश्चंद्र अमन पुत्र अनवार के सामने दे दिए। इसके बाद उक्त दोनों किसान नेता प्रमोद को अपने साथ लखनऊ ले गए, जहां ठेका दिलाने के नाम पर तीसरे षड्यंत्रकारी द्वारा सादे कागजों पर उससे साइन करवा लिए गए और उसे एक प्रतिशत एक्सेप्टिंग रिसीवड का एग्रीमेंट दे दिया गया। पीड़ित ने बताया कि उक्त लोगों की सारी जालसाजी से अनजान किसान नेता खुद को कारमाम बिल्डकॉन में बतौर ठेकेदार समझकर पूरी ईमानदारी व मेहनत से मजदूर लगाकर काम करवाने लगा। लगातार दो महीने उसने काम करवाया, जिसमें तीन लाख 65 हजार रुपये उसके खर्च हुए। जब उसे पता चला कि ठेका उसकी फर्म गोपाल इंटरप्राइजेज के नाम नहीं है और न ही उसका मेहनताना उसे मिलेगा तो उसके पैरों से जमीन खिसक गई। जालसाजी का पता चलने पर उसने अपनी रकम मांगी तो आरोपित धमकी देने लगे।

प्रभारी निरीक्षक जेपी सिंह का कहना है इस संबंध में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच चल रही है, दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।