20HREG292 कमलनाथ ने सरकार बनने पर टीकमगढ़ में मेडिकल कॉलेज बनाने का किया ऐलान, मुख्यमंत्री शिवराज को दी चुनौती
भोपाल/ टीकमगढ़/ निवाड़ी, 20 जनवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने शुक्रवार को टीकमगढ़ में मंडलम सेक्टर और बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित किया। उन्होंने जिले की जनता को बुंदेली लहजे में ‘‘दोई हाथ जोडक़र सबको राम राम’’ करते हुये अपना संबोधन शुरू किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कमलनाथ ने टीकमगढ़ में कांग्रेस सरकार बनते ही मेडिकल कॉलेज बनाने का ऐलान किया। साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को खुले मंच से चुनौती देते हुए कहा कि आप अपने 18 वर्षों के काम का हिसाब दे और मैं अपने 15 महिने के काम का हिसाब दूंगा।
कमलनाथ ने कहा कि टीकमगढ़ आकर मुझे बहुत खुशी हुई, परंतु साथ-साथ दुख भी होता है कि टीकमगढ़ की पेयजल समस्या, पलायन की समस्या, टीकमगढ़ की और भी विभिन्न समस्याएं 18 वर्षों के भाजपा शासनकाल के बाद भी बनी हुई हैं। टीकमगढ़ जो कि बुंदेलखंड के लिए बड़ा महत्व रखता है, उसके बावजूद टीकमगढ़ इतना उपेक्षित क्यों रहा है? इस बात का जवाब शिवराज सिंह जी को देना चाहिए। बुंदेलखंड और टीकमगढ़ 18 वर्षों की भाजपा सरकार के बावजूद विकास में पीछे रह गया है, कांग्रेस की सरकार बनते ही प्राथमिकता से बुंदेलखंड का विकास किया जायेगा। उन्होंने कहा कि शिवराज सिंह जी से कहूंगा कि आ जाइए मंच पर उस तरफ आप खड़े हो जाएं, इस तरफ मैं खड़ा हो जाता हूं। आप अपने 18 वर्षों का हिसाब जनता को दीजिए, मैं अपने 15 महीने का हिसाब देता हूं। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री ने ऐलान करते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार बनते ही टीकमगढ़ में मेडिकल कॉलेज पहली प्राथमिकता होगी, कर्मचारियों के लिए पेंशन बहाली की बात तो मैं पहले ही कह चुका हूं।
वहीं निवाड़ी जिले की पृथ्वीपुर विधानसभा में विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कमलनाथ ने कहा कि मैं यहां महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय अमर सिंह राठौर जी को नमन करने और प्रणाम करने के लिए आज पृथ्वीपुर आया हूं। उन्होंने कहा कि मुझे इस बात का दुख है कि जो खेल आयोजन उनके नाम पर 41 साल से चल रहा था, उसे आज भाजपा ने साजिशन होने नही दिया, यह केवल स्वर्गीय अमर सिंह राठौर जी का अपमान नहीं यह प्रदेश के सभी महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का अपमान है। कमलनाथ ने कहा कि हमारा बुंदेलखंड, टीकमगढ़ और निवाड़ी जो भारत की संस्कृति का प्रतीक है, हमारी हजारों सालों की संस्कृति दिल, संबंध और रिश्ते जोडऩे की संस्कृति है। कितने समाज निवास करते हैं, हमारे बुंदेलखंड में, हमारे टीकमगढ़ में, हर गांव में विभिन्न समाज के लोग मिलजुल कर रहते हैं, भाईचारे के साथ रहते हैं। इसी संस्कृति के कारण पूरा भारत एक झंड़े के नीचे खड़ा है, लेकिन हमारी संस्कृति और संविधान के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। प्रदेश में चुनाव आते हैं और हर चुनाव में अपना महत्व होता है, हमारे पंचायत के चुनाव, नगरी निकाय के चुनाव, जनपद, जिला पंचायत के चुनाव हो और अब 8 महीने बाद विधानसभा के चुनाव हैं और यह चुनाव हमारे भविष्य का चुनाव है, प्रदेश के विकास का चुनाव है और साथ-साथ हमारी संस्कृति को जीवित रखने का चुनाव है, क्यांकि आज हमारी संस्कृति की नींव को हिलाया जा रहा है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि शिवराज सिंह केवल घोषणाओं की, भाषण और झूठ बोलने की मशीन हैं। शिवराज सरकार ने महंगाई दी, बेरोजगारी दी, घर-घर में शराब दी, भ्रष्टाचार दिया, महिलाओं पर अत्याचार, शोषण और किसानों को लाठियां दी। उन्होंने आगे कहा कि शिवराज जी तो हर चुनाव में घोषणा करते हैं एक लाख नौजवानों को रोजगार मिलेगा, मैं तो कहता हूं यह सब छोडि़ए जो सरकारी विभागों में रिक्त पद हैं, पहले उनको तो भर दीजिए, हमारे अतिथि शिक्षक, संविदाकर्मी, ठेका श्रमिकां, को पहले इनको नियमित कीजिए फिर बड़ी-बड़ी बातें कीजिएगा।