19HREG119 गृहमंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा ने कमलनाथ पर कसा तंज, कांग्रेस की बैठक पर ली चुटकी
भोपाल, 19 जनवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश में चुनावी साल में राजनीतिक दलों ने चुनावी तैयारी तेज कर दी है। कांग्रेस सत्ता का चाबी दोबारा हासिल करने के लिए हर स्तर पर अपनी तैयारी पक्की करने में जुटी है। पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रस प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ लगातार बैठकेें कर बूथ स्तर पर पार्टी को मजबूत करने में जुटे हैं। इसी क्रम में गुरुवार को कमलनाथ ने संगठन अध्यक्षों की बैठक ली। कांग्रस की इस बैठक पर प्रदेश के गृहमंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा ने तंज कसा है। उन्होंने कहा कि ‘कमलनाथ जी आज क्लास लेने वाले हैं, लेकिन कमलनाथ की क्लास कल ही जेपी अग्रवाल जी ले चुके हैं।’
गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने गुरुवार को मीडिया से बातचीत करते हुए कांग्रेस की बैठक पर चुटकी लेते हुए कहा कि कमलनाथ जी ने बैठक कर करके पूरी कांग्रेस को ही बिठा दिया है। मध्यप्रदेश में अब कांग्रेस खड़े होने की स्थिति में नहीं है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि खुद कमलनाथ कभी फील्ड में जाते नहीं हैं। महीने में एक प्रवास कोई कार्यकर्ता कर दे तो कर दे, अन्यथा बैठक ही बैठक है। चुनाव में ही कमलनाथ जी को जनता की याद आती है। वह चुनावी पर्यटन पर निकलने लगते हैं। प्रदेश की जनता अब कांग्रेस के भ्रम जाल में नहीं आने वाली है। इसीलिए आप तय मानकर चलिए कि इनका कुछ होने वाला नहीं है।
कमलनाथ 15 महीने योजना ही बनाते रहे। अब ये सिर्फ ट्वीट ही कर रहे हैं। इनके चक्कर में पूरी कांग्रेस घरों में बैठे-बैठे ट्वीट कर रही है। जनता की सेवा के लिए ट्विटर तक ही सीमित रहने से कांग्रेस की उपयोगिता समाप्त हो रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की यात्रा जिस दिन निकलती है सिर्फ उसी दिन दिखती है, बाद में नहीं। इसी के साथ उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में लोग कांग्रेस की सच्चाई जान चुके हैं और आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा की एकतरफा जीत होगी।