गोरखपुर-फैजाबाद स्नातक निर्वाचन : 43.19 प्रतिशत हुआ मतदान

30HELE3 गोरखपुर-फैजाबाद स्नातक निर्वाचन : 43.19 प्रतिशत हुआ मतदान

– सर्वाधिक बलरामपुर में 60.08 प्रतिशत और सबसे कम गोरखपुर में 33.83 प्रतिशत हुआ मतदान

गोरखपुर, 30 जनवरी (हि.स.)। गोरखपुर-फैजाबाद निर्वाचन खंड का मतदान सुबह आठ बजे से चार बजे तक हुआ। गोरखपुर सहित 17 जिले में सकुशल संपन्न हुआ। कुल 43.19 प्रतिशत मतदान हुआ। सबसे अधिक मतदान बलरामपुर में 60.08 प्रतिशत और सबसे कम गोरखपुर में 33.83 प्रतिशत मतदान हुआ।

प्रत्याशी अपने मतदाताओं को लुभाने के लिए रात दिन एक कर दिए थे, लेकिन मतदाताओं में निराशा दिखी। जिसका नतीजा रहा कि 17 जिले में सिर्फ 43.19 प्रतिशत ही मतदान हो सका।

यहाँ पड़ा इतना प्रतिशत मतदान

बहराइच में 49.52 प्रतिशत, श्रावस्ती 49.38, गोंडा 49.51, बलरामपुर 60.80, अयोध्या 40.76, सुल्तानपुर 48.56, अमेठी 38.62, अंबेडकरनगर 53.92, बस्ती 45.23, सिद्धार्थनगर 50.41, संत कबीरनगर 51.74, आजमगढ़ 50.16, मऊ 37.48, गोरखपुर 33.83, महाराजगंज 39.06, कुशीनगर 45.57 और देवरिया में 36.59 प्रतिशत मतदान हुआ।

गोरखपुर फैजाबाद स्नातक निर्वाचन खंड के 17 जिले में कुल मिलाकर 43.19 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। पेटियों को पीठासीन अधिकारी दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के वाणिज्य भवन में बनाए गए स्ट्रांग रूम में जमा किया। इन मतपेटियों को दो फरवरी को प्रातः आठ बजे प्रत्याशियों या उनके प्रतिनिधियों के सामने खोला जाएगा। फिर, मतगणना प्रारंभ होगी।

कड़ी सुरक्षा में रखी जा रही मत पेटियां

इधर, वाणिज्य भवन संकाय के स्ट्रांग रूम के बाहर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। किसी को भी स्ट्रांग रूम कक्ष में जाने की अनुमति नहीं है। आब्जर्बर और 2000 बैच के आईएएस अधिकारी रणविजय प्रसाद, रिटर्निंग ऑफिसर और मंडलायुक्त रवि कुमार एनजी, सहायक रिटर्निंग अफसर और अपर आयुक्त अजय कांत सैनी की देख-रेख में मतपेटियों को सीलबंद चेक कर स्ट्रांग रूम में रखवाया गया।