शिवपुरीः एसबीआई का एटीएम काटकर साढ़े आठ लाख रुपये ले उड़े बदमाश

19HREG53 शिवपुरीः एसबीआई का एटीएम काटकर साढ़े आठ लाख रुपये ले उड़े बदमाश

शिवपुरी, 19 जनवरी (हि.स.)। जिले के बदरबास थाना क्षेत्र अंतर्गत लुकवासा कस्बे में बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात अज्ञात बदमाश भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के एटीएम को काटकर उसमें से साढ़े आठ लाख रुपये चोरी करके फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मौका-मुआयना कर मामले की जांच शुरू की। पुलिस बदमाशों की पहचान करने के लिए आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

पुलिस के अनुसार, घटना लुकवासा फोरलेन पर स्थित एसबीआई के एटीएम हुई। गुरुवार सुबह जब लोग पैसे निकालने के लिए एटीएम पहुंचे तब घटना का पता चला। इसके बाद पुलिस व बैंक को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जानकारी में पता चला है कि एटीएम से 8.5 लाख रुपये की चोरी हुई है। एटीएम मशीन के नीचे के हिस्से को काटकर कैश ट्रे निकाल ली गई। अभी चोरी के समय पता नहीं चल सका है। जिस सफाई से एटीएम काटा गया है, उससे लग रहा है, उससे पता चलता है कि यह किसी आदतन अपराधी का काम है। पुलिस सीसीटीवी कैमरों में आरोपितों को तलाश रही है।