26HREG256 बसंत पंचमी पर श्रद्धालुओं ने लगाई गंगा में आस्था की डुबकी
हरिद्वार, 26 जनवरी (हि.स.)। ज्ञान की देवी मां सरस्वती के जन्मोत्सव बसंत पंचमी के पावन पर्व पर हजारों श्रद्धालुओं ने मां गंगा में पवित्र डुबकी लगाई। हिंदू धर्म में मान्यता है कि अगर आप इस दिन की शुरुआत गंगा स्नान से करते हैं, तो आपको ब्रह्म ज्ञान की प्राप्ति होती है। हरिद्वार से सटे राज्यों के अलावा स्थानीय लोग इस शुभ दिन की शुरुआत गंगा स्नान से कर मां सरस्वती की पूजा अर्चना करते हैं।
मां सरस्वती ज्ञान की देवी के साथ-साथ संगीत की देवी भी हैं, जिसको लेकर आज लोग संगीत का अभ्यास भी करते हैं। इससे उनके सुरों में मां सरस्वती का वास होता है, ऐसी मान्यता है। बसंत पंचमी और 26 जनवरी के दिन स्नान को लेकर पुलिस द्वारा तमाम तैयारियों के साथ भीड़ नियंत्रण, ट्रैफिक और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन ने चुस्त दुरुस्त व्यवस्थाएं की। बसंत पंचमी के लिए पुलिस प्रशासन ने हरिद्वार के प्रसिद्ध मंदिरों से लेकर तमाम घाटों पर अपनी नजर बनाए रखी है।
तीर्थ पूरोहित तथा विश्व हिंदू परिषद के नेता वीरेंद्र कीर्तिपाल ने बताया की इस दिन गंगा स्नान के साथ-साथ मां सरस्वती की पूजा अर्चना करते हैं, तो आपको ज्ञान सहित उज्ज्वल भविष्य का वरदान मिलता है। इस दिन अगर आप पीली वस्तुओं का दान करते हैं, तो आपकी सारी मनोकामनाएं पूरी होती हैं। बसंत पंचमी बदलाव का पर्व माना जाता है और इस पर्व से ही मौसम में बदलाव आना शुरू हो जाता है। साथ ही आज के दिन सच्चे मन से उपासना करने से मां सरस्वती की कृपा बनी रहती है।