मप्र: आरएसएस की शाखा में जाने वाले अधिकारियों की लिस्ट तैयार करेगी कांग्रेस

22HREG279 मप्र: आरएसएस की शाखा में जाने वाले अधिकारियों की लिस्ट तैयार करेगी कांग्रेस

भोपाल, 22 जनवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश में चुनावी साल में सियासी पारा पूरी तरह से चढ़ा हुआ है। जैसे जैसे चुनाव का समय नजदीक आता जा रहा है, राजनेताओं के बीच जुबानी जंग भी तेज होती जा रही है। इसी बीच अधिकारियों और आरएसएस से जुड़े मामले पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष कांतिलाल भूरिया का बड़ा बयान सामने आया है।

पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक कांतिलाल भूरिया ने कहा है कि आरएसएस की शाखा में जाने वाले अधिकारियों की लिस्ट तैयार की जाएगी। अधिकारी दिन में अफसरगीरी और रात में आरएसएस की शाखा में जाने की बात करते हैं। रविवार को मीडिया से बातचीत में भूरिया ने कहा, कई अधिकारी-कर्मचारी शाखा में जाकर फोटो ले रहे हैं। भाजपा के कार्यकर्ता बनकर काम कर रहे हैं। उनकी लिस्ट तो तैयार करनी ही पड़ेगी। कर्मचारी अपनी सीमा में रहकर कानून का पालन करें, अगर कर्मचारी और अधिकारी अपनी मर्यादा के खिलाफ जाकर काम करेंगे, तो उनके खिलाफ कार्रवाई होगी। सरकारी नौकरी में रहकर यह सब कर रहे हैं, गलत है।

वहीं शाखा पर बैन लगाने की बात को टालते हुए कांतिलाल भूरिया ने अपने बयान में कहा कि अगर कोई संगठन सीमा से बाहर काम करेगा तो कांग्रेस की सरकार बनने पर उन पर कार्यवाही अवश्य होगी। भूरिया ने अपने बयान में यह भी कहा कि जो कर्मचारी संघ की शाखा में जा रहे हैं हम उन्हें आईडेंटिफाई कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकारी नौकरी में रहते हुए आरएसएस की शाखा में जाना या उसमे सम्मिलित होना गलत है। कर्मचारियों को सरकारी काम करना चाहिए, उन्हें शाखा में नहीं चाहिए। यह गलत कर रहे हैं। उन्हें उजागर करे। जिससे ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई हो सके।