27HREG370 खंडवा: कांग्रेस ने नगर निगम के बाहर की सांकेतिक साधारण सभा,परिषद को बताया निष्क्रिय
खंडवा, 27 जनवरी (हि. स.)। नगर पालिक निगम के बाहर शुक्रवार को कांग्रेस के नेता प्रतिपक्ष और पार्षदों ने सांकेतिक साधारण सभा की और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से शहर की समस्याओं को उठाया। पूरा आयोजन निगम के नेता प्रतिपक्ष मुल्लू राठौर और कांग्रेस के पार्षदों द्वारा किया गया।
खंडवा में नगर पालिक निगम में अब तक साधारण सभा ना होने से परेशान कांग्रेस के पार्षदों ने शुक्रवार को अनोखा आयोजन किया। नेता प्रतिपक्ष मुल्लू राठौर के साथ कांग्रेस के पार्षदों ने गांधी प्रतिमा पर माल्यापर्ण कर सांकेतिक साधारण सभा आयोजित की। जिसमें निगम के सांकेतिक सभापति और महापौर कान बंद करके बैठे रहे,और लोग शहर की समस्याओं से परेशान होते नजर आए। शहर की परेशानियों और विकास से जुड़ा एक नुक्कड़ नाटक भी किया।
कांग्रेस ने सांकेतिक साधारण सभा में शहर के कलाकारों के माध्यम से एक नुक्कड़ नाटक की प्रस्तुति भी दी,जिसमें लोग निगम से जुड़ी समस्याओं के परेशान होते नजर आए। इस दौरान कांग्रेस संगठन के नेता भी उपस्थित रहे। सभी की मांग थी कि जल्द साधारण सभा हो जिमसें विपक्ष जनता के मुद्दे उठा सके। इस अवसर पर शहर कांग्रेस अध्यक्ष मोहन ढाकसे,आलोक सिंह रावत,अंकित पाठक,दिव्यांश ओझा सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
*