बड़वानीः अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत

20HREG307 बड़वानीः अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत

– गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क पर शव रखकर किया चक्काजाम

बड़वानी, 20 जनवरी (हि.स.)। जिले में मुंबई-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर निहाली फाटे के पास अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार युवक मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद गुस्साए लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर चक्काजाम कर दिया। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने लोगों को समझाइश दी। करीब चार घंटे तक हाइवे की एक लेन पर जाम लगा रहा। इसे देखते हुए पुलिस ने दूसरी लेन से वाहनों का आवागमन कराया।

जानकारी के अनुसार ग्राम निहाली के निवासी शांतिलाल पुत्र दयाराम शुक्रवार को दूध लेने के लिए जुलवानिया की ओर बाइक से आ रहा था। निहाली फाटे पर एक अज्ञात वाहन की चपेट में आने से शांतिलाल की मौके पर ही मौत हो गई। युवक की मौत के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क पर शव रखकर करीब चार घंटे तक चक्काजाम किया। लोगों ने युवक के परिजनों को मुआवजा दिए जाने की मांग की। मौके पर राजपुर एसडीएम वीरसिंह चौहान, टीआई विनय आर्य, भाजपा नेता अजय यादव, कांग्रेस जिलाध्यक्ष वीरेंद्रसिंह दरबार एवं एनएचएआई के वरिष्ठ अधिकारी पहुंचे। काफी समझाइश के बाद लोग हाईवे से हटे। नागरिकों की मांग थी कि फोरलेन निर्माता कंपनी ने ग्राम निहाली के नागरिकों के आवागमन की सुविधा के लिए सर्विस रोड नहीं बनाया है। जिसकी वजह से आए दिन यहां पर सड़क दुर्घटनाएं होती रहती है।

पुलिस के अनुसार उक्त दुर्घटना को लेकर परस्पर विरोधी बातें भी सामने आई, जिसमें नागरिकों का कहना है कि शांतिलाल सड़क पार करते समय ट्रक की चपेट में आया और उसकी मौत हुई जबकि मौके पर मिले सबूतों के आधार पर ग्रामीणों उक्त बात पर संशय हो रहा है। क्योंकि घटनास्थल पर सड़क किनारे मृतक की बाइक सुरक्षित खड़ी हुई थी तथा जहां पर मृतक वाहन की चपेट में आया वहां पर कच्चे केले की डलिया बिखरी हुई पड़ी हुई थी। ऐसी संभावना व्यक्त की जा रही है कि कोई केले के वाहन से जो कि केले भरकर जा रहा था, उसमें से उक्त केले की डलिया सड़क पर बिखर गई थी और उसे उठाने के लिए मृतक शांतिलाल ने बाइक सड़क किनारे खड़ी की और रोड पर पड़े हुए केले उठाने के लिए गया और वहीं पर अंधेरा कोहरा की वजह से किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आ गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर प्रकरण विवेचना में लिया है।