उज्जैन: कृषि उपज मण्डी बंद, किसान द्वारा मारपीट के बाद व्यापारी ने करवाया था प्रकरण दर्ज

19HREG111 उज्जैन: कृषि उपज मण्डी बंद, किसान द्वारा मारपीट के बाद व्यापारी ने करवाया था प्रकरण दर्ज

उज्जैन, 19 जनवरी (हि.स.)। कृषि उपज मण्डी, चिमनगंज गुरूवार को भी बंद रही। मंगलवार को एक व्यापारी के साथ अनाज में कचरा/मिट्टी की बात पर किसान का विवाद हुआ था। इसके बाद व्यापारी ने किसान के खिलाफ मारपीट का प्रकरण दर्ज करवाया था। इसी से नाराज होकर किसान संघ ने आगर मार्ग पर मण्डी के बाहर चक्का जाम किया। इधर मण्डी लगातार दूसरे दिन बंद रही।

चिमनगंज मण्डी थाना पुलिस के अनुसार मण्डी के एक व्यापारी शांति ट्रेडर्स के अभिषेक विनायका का उपज खरीदी के मामले में किसान महेंद्रसिंह से उपज में कचरा/मिट्टी आने की बात पर विवाद हुआ था। सीसीटीवी फुटेज के अनुसार इसके बाद किसान ने व्यापारी के कार्यालय में घुसकर व्यापारी के साथ मारपीट की थी। इससे नाराज व्यापारियों ने काम बंद कर दिया था। पुलिस ने अभिषेक की शिकायत पर किसान के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया था।

इधर गुरूवार को भी मण्डी बंद रही। किसान संघ ने मण्डी गेट के बाहर चक्का जाम किया और मांग की है कि व्यापारी किसान के खिलाफ दर्ज प्रकरण वापस ले। इस बीच व्यापारियों की ओर से गतिरोध दूर करने के प्रयास किए गए। वहीं मण्डी सचिव उमेश बसेडिय़ा शर्मा ने बताया कि किसान संघ प्रकरण वापस लेने के फैसले से पीछे हटने को तैयार नहीं है। दोनों पक्षों के बीच विवाद को देखते हुए फिलहाल मण्डी में कामकाज बंद कर दिया गया है। आगे की स्थिति अनुसार निर्णय लेंगे।